शहडोल: अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौत के बाद भड़की भीड़ ने वाहन को फूंका

 




शहडोल, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह धौनहा नदी से अवैध रेत भरकर ले जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर में आग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार सुबह गोहपारू क्षेत्र के पाथेरा मोड़ के पास घटित हुआ। ग्राम सोनवर्षा निवासी शंकर प्रताप साहू (35 वर्ष) अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकर प्रताप साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित हुई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे एक खेत में जाकर पलट गई। ट्रैक्टर का चालक वाहन छोड़कर वहां से फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के गांवों के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में धौनहा नदी से लंबे समय से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, लेकिन खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इसी अवैध और बेलगाम परिवहन ने आज एक बेगुनाह की जान ले ली।

मुआवजे की मांग और अवैध कारोबार के खिलाफ भड़की भीड़ ने खेत में पलटे हुए ट्रैक्टर में आग लगा दी। हंगामे के कारण पुलिस को शुरुआत में शव को अपने कब्जे में लेने और पंचनामा करने के लिए भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाता देख वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुला लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर में धौनहा नदी से अवैध रूप से रेत भरकर ले जाई जा रही थी।

थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत और दो लोग घायल हुए है। घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत