शहडोल: लोकायुक्त रीवा की बड़ी कार्रवाई, एसडीएम कार्यालय का बाबू 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
शहडोल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडाेल जिले के ब्यौहारी तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय में बुधवार को लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लर्क को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ब्यौहारी के निपानिया गांव निवासी सुरेश कुमार जायसवाल ने लोकायुक्त को शिकायत दी थी कि उनकी पत्नी के नाम खरीदी गई भूमि से जुड़े मामले में आदेश की प्रति उपलब्ध कराने के एवज में एसडीएम कार्यालय में पदस्थ क्लर्क वीर सिंह जाटव (40) द्वारा 20 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। बाद में सौदा 15 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त रीवा टीम ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद बुधवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता सुरेश कुमार जायसवाल रिश्वत की राशि लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा और क्लर्क से मिला। जैसे ही आरोपी ने 15 हजार रुपये की रकम स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई लोकायुक्त रीवा के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निरीक्षक एस. राम मरावी और डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई, जिसमें 12 सदस्यीय टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह भी मौजूद रहे। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इधर, लोकायुक्त टीम ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो इसकी तुरंत सूचना लोकायुक्त कार्यालय को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे