शहडोल: सरकारी आवास में मिला एएसआई का शव, ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो पुलिसकर्मी पहुंचे घर

 


शहडोल, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोलकोतवाली थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) कैलाश मिश्रा का गुरुवार सुबह पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में शव मिला। वह डायल-112 में ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और फोन भी रिसीव नहीं किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। मौत की वास्तविक वजह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

पुलिस के मुताबिक, एएसआई कैलाश मिश्रा (60) पुलिस लाइन न्यू कॉलोनी के बी ब्लॉक स्थित कमरा नंबर- 13 में अकेले रहते थे। गुरुवार सुबह ड्यूटी का समय होने पर डायल-112 के पायलट ने उन्हें फोन किया। कई बार कॉल करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो पायलट ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ उनके सरकारी आवास पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा खोलकर देखा गया तो कैलाश मिश्रा बिस्तर पर मृत अवस्था में मिले। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों और उनके परिजनों को सूचना दी।

सीने में दर्द के बाद गए थे अस्पताल

जानकारी के अनुसार, कैलाश मिश्रा बुधवार देर शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने सरकारी आवास लौटे थे। गुरुवार तड़के उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद उन्होंने डायल-112 को बुलाया और जिला अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार और दवा लेने के बाद वह वापस अपने आवास लौट आए थे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी मौत की वजह स्पष्ट

थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया हृदयाघात की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है और आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है। एएसआई कैलाश मिश्रा के निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे