शहडोलः बोरवेल गाड़ी ने तीन लोगों को कुचला, मां-बेटे की मौत, 10 साल की बच्ची की गंभीर घायल
शहडोल।, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी इलाके में रविवार शाम तेज रफ्तार बोरवेल की गाड़ी (मशीन) ने पैदल जा रहे एक परिवार को कुचल दिया। हादसे में एक महिला और उसके बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 साल की बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान सूखा गांव की अंशु उर्मिलिया (30) और उनके 6 साल के बेटे राधा रमन के रूप में हुई है। घायल बच्ची का नाम आस्था तिवारी है। अंशु उर्मिलिया लाइनमैन राम गोपाल द्विवेदी की बेटी थी। वह सात महीने की गर्भवती भी थी।
पुलिस के अनुसार, अंशु उर्मिलिया और रमन के साथ आस्था भी पैदल चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित बोरवेल गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशु उर्मिलिया गाड़ी के टायर के नीचे दब गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अंशु उर्मिलिया का भेजा बाहर आ गया है। हादसे के तुरंत बाद घायल राधा रमन को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। 10 साल की आस्था तिवारी का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को गाड़ी के नीचे से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फरार बोरवेल गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर