‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला कार्यशाला, मोदी सरकार के 25 साल के राष्ट्रसेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
भोपाल/सीहोर, 07 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत सेवा, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं से हुए बदलावों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने भोपाल और सीहोर में एवं प्रदेश सह प्रभारी व विधायक सतीश उपाध्याय ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित जिला कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर संबोधित किया। कार्यशाला में सांसद आलोक शर्मा और जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने भी विचार रखे।
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण पर केंद्रित रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति के बजाय सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्तर पर पहचान और प्रभाव बढ़ा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। अभियान का उद्देश्य मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याणकारी कार्यों से लोगों को अवगत कराना है।
एक माह तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भाजपा के अनुसार, अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा संस्मरण’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘आंगन का मिलन’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा के रंग’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं को इन गतिविधियों के जरिए सरकार की योजनाओं और उनसे लाभान्वित लोगों की कहानियां जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
सीहोर में जिला कार्यसमिति एवं कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. महेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा गतिविधियों के माध्यम से संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
‘विश्व पटल पर बढ़ा भारत का गौरव’
प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण है। उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं से सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
सांसद आलोक शर्मा ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों को लोगों के सामने रखा जाएगा।
कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला प्रभारी जसवंत हाड़ा, लघु उद्योग निगम अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे