दमोह: सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाना - इंदर सिंह परमार

 


दमोह, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने गुरुवार को कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सेवा, जनसरोकार और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि अभियान में विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य विभिन्न वर्गों की सहभागिता के माध्यम से सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के 55 जिलों में से 52 जिलों को अभियान के अंतर्गत कवर किया जा रहा है। इन जिलों में स्थानीय स्तर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा अन्य जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक विभिन्न मार्गों से देशभर में 25 यात्राएं संचालित हो रही हैं। मध्यप्रदेश इन यात्राओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश के लगभग 52 जिलों से होकर सेवा संकल्प यात्रा के गुजरने की योजना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 25 सेवा कार्यों और 14 अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक सेवा का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

आनंद विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान की दोनों यात्राएं हटा विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजर रही हैं। एक यात्रा फतेहपुर होकर तथा दूसरी मगरोन, फुटेरा होते हुए केरबना पहुंचेगी। इसके बाद एक यात्रा बंडा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ेगी, जबकि दूसरी छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र की ओर जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्थानीय स्तर पर लोगों की सहभागिता से विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में निरंतर 25 वर्ष की सेवा पूरी होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक 500 बाइक के माध्यम से सेवा यात्रा निकाली जा रही है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नागरिक सम्मान और हितग्राहियों से संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा यात्रा का पड़ाव हटा विधानसभा क्षेत्र में रहा। इसके बाद यात्रा बंडा, रहली और देवरी सहित सागर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।

हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक की यात्रा हटा विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान हितग्राहियों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और उन्हें मिल रहे लाभों की जानकारी ली गई। हितग्राहियों से योजनाओं की स्थिति, सुविधाओं और स्थानीय व्यवस्थाओं के संबंध में भी चर्चा की गई।

उत्तरप्रदेश के चंदौली निवासी आशुतोष तिवारी ने बताया कि अभियान का आज आठवां दिन है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों से जुड़ना, संवाद करना तथा गांवों की संस्कृति को जानना और समझना है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 7 अक्टूबर को गुजरात के वडनगर पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान 10 नदियों का जल साथ लेकर यात्रा की जा रही है। इसके साथ ही वडनगर से काशी की ओर भी एक यात्रा पहुंचेगी। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों, जनसंवाद और सामाजिक सहभागिता के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव