सेवा संकल्प अभियान से सामाजिक समरसता को बढ़ावा दें कार्यकर्ता : अजय जामवाल
-चंबल संभाग की बैठक में बोले क्षेत्रीय संगठन महामंत्री-हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित कर जनसंपर्क बढ़ाएं
मुरैना/भोपाल, 22 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को मुरैना में आयोजित चंबल संभाग की बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने और जनसंपर्क के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। कार्यकर्ता अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करें और पार्टी की विचारधारा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि लाभार्थी परिवारों से नियमित संपर्क के जरिए उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करने की जरूरत है।
संभाग से लेकर शक्ति केंद्र तक बनेगी कार्ययोजना
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संभाग, जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यक्रमों की कार्ययोजना बनाकर उन्हें प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए। कार्यकर्ता सेवा संकल्प यात्रा को भी व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जुटें।
अजय जामवाल ने कहा कि समाज के हर वर्ग को अभियान से जोड़कर सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंत्योदय और सामाजिक समरसता के लक्ष्य के साथ काम करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाने की बात कही।
जनता से निरंतर संवाद पर जोर
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि संगठन की कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा जनता के बीच रहना और उसकी आवश्यकताओं को समझना है। भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। ऐसे में लाभार्थियों से संवाद बनाए रखना जरूरी है, ताकि उनकी समस्याओं की जानकारी मिल सके और समाधान के लिए प्रयास किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर है। प्रत्येक कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाए। बैठक में संभाग, जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यक्रमों को तय कर योजनाबद्ध तरीके से अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ मंचासीन रहे। संभाग प्रभारी डॉ. अभय यादव ने अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और उनकी तैयारियों की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे