दमोह: सेवा और आशीर्वाद अभियान से 1539 वृद्धजनों की पेंशन पुनः प्रारंभ

 


दमोह, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित पात्र वृद्धजनों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘सेवा और आशीर्वाद अभियान’ के अंतर्गत 1539 वृद्ध हितग्राहियों की बंद पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी गई है।

शुक्रवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई से 10 जून तक चले विशेष अभियान में प्रशासन ने घर-घर पहुंचकर ई-केवाईसी कराई और लंबे समय से बंद पड़ी पेंशन को फिर से चालू कराया। अभियान के दौरान कुल 1664 पात्र हितग्राहियों की पहचान की गई थी, जिनमें से 1539 वृद्धजनों का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कर उनकी पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी गई है।

कलेक्टर यादव ने बताया कि जिले में आयोजित रात्रि चौपालों और ग्राम भ्रमण कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों ने अवगत कराया था कि अनेक वृद्धजन पात्र होने के बावजूद सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित हैं। जांच में पाया गया कि ई-केवाईसी नहीं होने के कारण उनकी पेंशन पिछले 8 से 9 माह से बंद थी। कई वृद्धजन शारीरिक एवं आर्थिक परेशानियों के कारण कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान प्रारंभ किया और डाटा विश्लेषण के माध्यम से ऐसे हितग्राहियों की पहचान की गई, जिनकी पेंशन तकनीकी कारणों से बंद थी। इसके बाद प्रशासन ने गांव-गांव जाकर सूची चस्पा कराई तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान में सक्रिय रूप से लगाया।

अभियान के दौरान आधार केंद्र प्रभारियों, रोजगार सहायकों, सचिवों एवं वार्ड प्रभारियों की टीमों ने घर-घर पहुंचकर वृद्धजनों का ई-केवाईसी कराया। आधार केंद्र प्रभारी अपने साथ बायोमेट्रिक और आइरिस डिवाइस लेकर पहुंचे, जिससे वृद्धजनों को किसी कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव