सिवनी में डंपर ने पिकअप को मारी टक्कर, युवक की मौत, चार घायल, चालक फरार
सिवनी, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार लोग अतरिया गांव से घंसौर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे रूपदोंन गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एमएमटी मनीष रैकवार और चालक संदीप ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद संतोष काकोडिया (20) को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल उइके (26), सतेंद्र आर्मो (21), हिमेश आर्मो (23) और शैलेंद्र घायल बताए गए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
डंपर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे