अशोकनगर विधायक हरिबाबू राय की संवेदनशीलता: पुणे से गृहग्राम पहुंचाया मजदूर का पार्थिव शरीर
अशोकनगर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर विधायक इंजी. हरिबाबू राय ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और जन-सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। उन्होंने न केवल पुणे में जान गंवाने वाले क्षेत्र के एक गरीब मजदूर के पार्थिव शरीर को सकुशल उसके पैतृक गांव कोलुआ भिजवाया, और बल्कि मंगलवार को अंतिम संस्कार के दौरान सामने आई ग्रामीणों की पानी की समस्या का भी त्वरित निराकरण करने के लिए कदम उठाए हैं।
पुणे में हुआ था असामयिक निधन, विधायक के प्रयासों से लौटा पार्थिव शरीर:अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलुआ निवासी महेंद्र आदिवासी पुणे (महाराष्ट्र) में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। बीते दिनों काम के दौरान अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पडऩे से उनका असामयिक और दुखद निधन हो गया। इस अप्रत्याशित हादसे से आदिवासी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
आर्थिक तंगी और संसाधनों के अभाव के कारण जब परिजन शव को वापस लाने में असमर्थ महसूस कर रहे थे, तब उन्होंने विधायक इंजी. हरिबाबू राय से मिलकर मदद की बात की। विधायक ने बिना समय गंवाए मानवीय संवेदना का परिचय दिया और तत्काल पुणे के स्थानीय प्रशासन, संबंधित अधिकारियों तथा अपने व्यक्तिगत संपर्कों से तालमेल बिठाया। विधायक के सतत प्रयासों का ही परिणाम था कि स्वर्गीय महेंद्र आदिवासी का पार्थिव शरीर सकुशल उनके पैतृक गांव कोलुआ लाया जा सका, जिससे शोकाकुल परिजनों को अपने प्रियजन के अंतिम दर्शन नसीब हुए।
अंतिम संस्कार में पहुंचे ग्रामीणों ने सुनाई पेयजल की व्यथा:जब महेंद्र आदिवासी का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान से पैतृक गांव के मुक्तिधाम में किया जा रहा था, तब वहां उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक का ध्यान एक गंभीर जन-समस्या की ओर खींचा। ग्रामीणों ने बताया कि मुक्तिधाम परिसर में पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। वहां कोई हैंडपंप भी नहीं है, जिससे अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक क्रियाओं के समय लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता है और भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कलेक्टर और विभाग को तत्काल पत्र प्रेषित:ग्रामीणों की इस बुनियादी और बेहद जरूरी समस्या को विधायक ने पूरी गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनहित के इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए कोलुआ ग्रामवासियों ने विधायक इंजी. हरिबाबू राय का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार