रतलाम में युवक का शव और कंकाल, पास ही पड़े थे लापता लड़की के कपड़े, मेडिकल कॉलेज में दोनों पक्ष भिड़े
रतलाम, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रावटी थाना क्षेत्र के सेमलखेड़ी गांव में रविवार शाम खेत से लापता युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। शव से कुछ दूरी पर एक कंकाल भी मिला। कंकाल के पास मिले कपड़ों को पुलिस एक सितंबर से लापता नाबालिग लड़की के कपड़ों से जोड़कर देख रही है। हालांकि, कंकाल की पहचान अभी नहीं हुई है। इसकी पुष्टि डीएनए जांच और अन्य फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
मृतक की पहचान सेमलखेड़ी निवासी 20 वर्षीय सुखराम पुत्र रमेश गणावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक भी कई दिनों से लापता था। घटनास्थल से कीटनाशक की डिब्बी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल युवक की मौत के कारणों के साथ यह भी जांच कर रही है कि कंकाल किसका है और दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं।
बदबू आने पर खेत में पहुंची महिला
रविवार शाम सेमलखेड़ी निवासी कुसुम पत्नी शंकर गणावा खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। आसपास देखने पर खेत में शव पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। शाम करीब छह बजे पुलिस को जानकारी दी गई। बारिश के कारण पुलिस टीम करीब रात आठ बजे मौके पर पहुंची। वहां युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पास ही एक कंकाल भी मिला। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों को पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
एक सितंबर से लापता थी नाबालिग
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की के परिजनों ने एक सितंबर को रावटी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने युवक पर लड़की को अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था। अब युवक का शव और उसके पास कंकाल मिलने के बाद पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर नाबालिग से उसके संबंध की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस डीएनए परीक्षण और अन्य जांच के जरिए कंकाल की पहचान करने की प्रक्रिया में है।
मेडिकल कॉलेज में दोनों पक्षों में विवाद, पथराव
सोमवार को पोस्टमॉर्टम के लिए दोनों पक्षों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर हाथापाई और पथराव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया। पथराव में सुखराम के चाचा शंकर के सिर में चोट आई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सुखराम के परिजनों ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में नाबालिग के परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
युवक के पिता का समझौते के लिए रकम लेने का आरोप
सुखराम के पिता रमेश ने आरोप लगाया कि बेटे और लड़की के लापता होने के बाद लड़की के परिजनों ने समझौते के नाम पर उनसे 80 हजार रुपए लिए थे। उनका कहना है कि इसके बावजूद परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल के अनुसार, सेमलखेड़ी गांव में एक पुरुष और एक महिला के शव/कंकाल मिलने की सूचना है। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका से भी देखा जा रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल से मिली कीटनाशक की डिब्बी को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल आत्महत्या, हादसे या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
गांव में सुरक्षा बढ़ाई
मेडिकल कॉलेज में हुए विवाद के बाद पुलिस ने सेमलखेड़ी गांव में सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे