मुरैनाः नशीले इंजेक्शन जब्ती के मामले में कैलादेवी मेडिकल स्टोर सील
मुरैना, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध नशीले इंजेक्शनों के कारोबार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बाद सोमवार सुबह कैलादेवी मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 2,856 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, जब्ती के करीब 36 घंटे बाद मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई कर अनियमितताओं की जांच की।
जानकारी के अनुसार, शहर की पॉश कॉलोनी पुरानी हाउसिंग बोर्ड में किराए के मकान से अवैध नशीले इंजेक्शनों का कारोबार संचालित किए जाने की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर मिले तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मकान की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पांच कंपनियों के इंजेक्शन जब्त
पुलिस की तलाशी में टर्मेंग कंपनी के 1,060, पीटारमिन कंपनी के 470, टर्माइन्ड कंपनी के 336, मेफो कंपनी के 330 और मेफप्रो कंपनी के 560 इंजेक्शन मिले। इस तरह कुल 2,856 इंजेक्शन जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये है।
इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 599/26 के तहत ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(सी) एवं 27(बी)(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल
पुलिस द्वारा इंजेक्शन जब्त किए जाने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर को सूचना दी गई थी। हालांकि, आरोप है कि करीब 20 घंटे बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने संपर्क किया, तब तक नशीले इंजेक्शन पकड़े जाने की खबर सार्वजनिक हो चुकी थी। मेडिकल स्टोर के विरुद्ध कार्रवाई भी जब्ती के करीब 36 घंटे बाद की गई। सोमवार सुबह कैलादेवी मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। बताया गया कि यह कार्रवाई पहले ही की जानी थी।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और इनकी आपूर्ति कहां से की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कविंद्र चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित भदौरिया और उनकी टीम ने कार्रवाई की। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा