सीहोरः अस्मिता पहल के अंतर्गत आज होंगी खेल प्रतियोगिताएं

 


- सीहोर की बेटियां और महिलाएं दिखाएँगी अपना दम

सीहोर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज सोमवार को चर्च ग्राउंड पर माय भारत सीहोर एवं खेल विभाग द्वारा भारत सरकार की 'अस्मिता' पहल के अंतर्गत खेल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से एथलेटिक्स (दौड़) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रतिस्पर्धी दौड़, मनोरंजक गतिविधियाँ, टग ऑफ वार (रस्साकशी) आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में तीन आयु वर्ग की बालिकाएं एवं महिलाएं सहभागिता करेंगी, जिसमें अंडर 13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक की बालिकाएं एवं महिलाएं शामिल होंगी।

इच्छुक महिला प्रतिभागी NSRS पोर्टल पर अपना पंजीयन कर सकती हैं जिसके लिए उन्हें इस पोर्टल पर अपना आधार प्रमाणित करना होगा। विजेताओं को पदक और सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव द्वारा आयोजन में अधिक से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर