सीहोरः संयुक्त निदेशक ने की जनगणना कार्य की समीक्षा, कहा-सर्वे से छूटे नहीं कोई भी मकान
सीहोर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर में बुधवार को गृह विभाग जनगणना कार्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक राम अवतार पटेल ने कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित कर जिले में जनगणना 2027 अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे से कोई भी मकान छूटे नहीं।
इस दौरान विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न चार्ज क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धि, प्रगणकों की कार्यप्रणाली तथा फील्ड स्तर पर आ रही समस्याओं एवं चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्य में तेजी लाने, शेष लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने एवं गुणवत्तापूर्ण डाटा संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण कार्य में डेटा की शुद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी प्रविष्टियाँ पूर्णतः सही, स्पष्ट एवं त्रुटि रहित हों। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मकान सर्वे से छूटे नहीं तथा किसी भी प्रकार की डुप्लीकेट प्रविष्टि न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य के दौरान फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पर्यवेक्षण किया जाए। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें। साथ ही एचएलओ ऐप में डेटा एंट्री समय पर एवं शुद्धता के साथ अपडेट की जाए, ताकि प्रगति का सही आकलन किया जा सके।
बैठक में वर्तमान भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए फील्ड में कार्यरत प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं अन्य अमले के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ को पर्याप्त पेयजल, आवश्यक विश्राम, छायादार स्थानों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकें और किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही, जनगणना कार्य के दौरान आमजन के साथ शालीन, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि नागरिकों का विश्वास अर्जित कर उनसे सही एवं पूर्ण जानकारी प्राप्त करना इस कार्य की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जनगणना का कार्य संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ संपादित हो, जिससे शासन को सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें और भविष्य की योजनाओं के निर्माण में इनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
बैठक के दौरान संयुक्त कलेक्टर एवं जनगणना प्रभारी जमील खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। इसके साथ ही जनगणना से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य का किया निरीक्षण
संयुक्त निदेशक पटेल ने सीहोर जिले के ग्राम थूना कला में जनगणना के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फील्ड में कार्यरत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य का अवलोकन किया तथा संकलित की जा रही जानकारी की गुणवत्ता एवं शुद्धता का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने प्रगणकों को नागरिकों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा सभी आवश्यक जानकारी सही तरीके से संकलित करने के निर्देश दिए, जिससे जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर