सीहोर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, हाईवे पर खड़े ट्रक से 62 लाख की बीयर जब्त

 


सीहोर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सीहोर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल- इंदौर हाईवे से करीब 62 लाख रुपए मूल्य की बीयर जब्त की है। पुलिस को यह सफलता जावर थाना क्षेत्र में मिली, जहां एक ट्रक संदिग्ध हालत में लावारिस खड़ा मिला।

मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति अभियान और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देशों के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ट्रक से भारी मात्रा में बीयर बरामद की। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में जावर थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल-इंदौर हाईवे पर सरहदी गांव के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। निर्माणाधीन चद्दर शेड के सामने खड़े ट्रक के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 1,991 पेटियां बरामद की गईं। इनमें ‘पावरकूल’ ब्रांड की 47,784 बीयर केन रखी हुई थीं। जब्त बीयर की कुल मात्रा 23,892 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 62 लाख 11 हजार 920 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने अवैध शराब और ट्रक को जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे