बेबी लीग फुटबाल में सीहोर बाइज की शानदार जीत, सीहोर ग्रीन को 2-0 से दी शिकस्त
सीहोर, 1 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर शहर के चर्च मैदान पर जिला फुटबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित बेबी लीग फुटबाल प्रतियोगिता में मंगलवार शाम दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सीहोर बाइज ने एकतरफा मुकाबले में सीहोर ग्रीन को 2-0 से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में सीहोर चिल्ड्रन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीहोर मिनी को 3-1 से हराया।
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि पहले मुकाबले में सीहोर बाइज और सीहोर ग्रीन की टीमें आमने-सामने थीं। मैच में सीहोर बाइज की ओर से अग्रिम और राजनाथ ने एक-एक गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। सीहोर ग्रीन की टीम पूरे मुकाबले में कोई गोल नहीं कर सकी और सीहोर बाइज ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दूसरे मैच में सीहोर चिल्ड्रन ने सीहोर मिनी के खिलाफ आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। चिल्ड्रन टीम की ओर से राजवीर ने दो गोल दागे, जबकि पियुष ने एक गोल किया। सीहोर मिनी की ओर से युवराज ने एकमात्र गोल किया। इसके बावजूद सीहोर चिल्ड्रन ने 3-1 से मुकाबला जीत लिया।
प्रतियोगिता के दौरान जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव मनोज कन्नोजिया सहित पदाधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। बेबी लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा