राजगढ़ः बस स्टैंड से महिला का बैग चुराने वाला आरोपित गिरफ्तार, 62 हजार का माल बरामद

 


राजगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस स्टैंड पर खड़ी बस से महिला यात्री का बैग चोरी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 562 ग्राम चांदी के आभूषण,साड़ियां और अन्य सामान जब्त किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 62 हजार रुपए बताई गई है।

थाना प्रभारी राहुल रघुवंषी ने रविवार को बताया कि 8 जुलाई को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम ककरकड़िया निवासी पूजा गोस्वामी बस स्टैंड सारंगपुर से बस में यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनका बैग चोरी कर ले गया। बैग में 562 ग्राम चांदी की पायल और कमरबंद, मोबाइल फोन, साड़ियां तथा कपड़े रखे थे। पुलिस ने पीड़ित की श‍िकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे, एसडीओपी अरविंदसिंह के मार्गदर्षन में गठित टीम ने बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपित रमेश (40) पुत्र कन्हैयालाल धाकड़ निवासी लसूडिया धाकड़, थाना खुजनेर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपित के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया गया। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा के लिए घरों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक