राजगढ़ः अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का प्रहार, एक लाख से अधिक की शराब जब्त
राजगढ़,1 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के हाईवे किनारे स्थित कटारियाखेड़ी गांव में सोमवार को पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक अभियान चलाया। एसडीओपी प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में छह थानों के 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संयुक्त रूप से गांव में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब जब्त करने के साथ ही 10 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट किया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान गांव में अवैध शराब निर्माण और भंडारण से जुड़े कई स्थानों की तलाशी ली गई। इस दौरान 10 टंकियों में भरा करीब 10 हजार लीटर महुआ लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही 10 पेटी लाल मदिरा और 13 पेटी सफेद मदिरा सहित कुल 23 पेटी अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। मामले में डूंगरसिंह कंजर निवासी कटारियाखेड़ी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे ड्रम, पाइप, भट्टियां और अन्य उपकरण भी जब्त कर नष्ट कर दिए। अभियान में ब्यावरा सिटी, ब्यावरा देहात, सुठालिया, करनवास, राजगढ़ कोतवाली और कालीपीठ थाना पुलिस शामिल रही। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर 3 बजे तक लगातार जारी रही। कार्रवाई के दौरान गांव में संचालित 30 से अधिक अस्थायी शराब ठिकानों, टीन-टप्पर और प्लास्टिक पन्नियों से बनी दुकानों को हटाया गया। एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि कटारियाखेड़ी में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले चार महीनों में कटारियाखेड़ी में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले फरवरी में 50 हजार लीटर तथा अप्रैल में लगभग एक लाख लीटर महुआ लहान नष्ट किया गया था। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक