शहडोल में 24 घंटे में जंगली जानवरों के हमले से दूसरी मौत, बाघ ने बुजुर्ग को बनाया शिकार

 


शहडोल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में जंगली जानवरों के हमले में 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत हो गई। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पपौंध थाना क्षेत्र के छतवा गांव में भैंसों की तलाश में जंगल गए 60 वर्षीय बुजुर्ग राजेंद्र प्रसाद यादव पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे एक दिन पहले ब्यौहारी क्षेत्र में तेंदुए ने 15 वर्षीय किशोरी को मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से जंगल से लगे गांवों में दहशत है।

जानकारी के अनुसार, ताजा घटना पपौंध थाना क्षेत्र के छतवा गांव के झील टोला की है। राजेंद्र प्रसाद यादव बुधवार रात अपनी भैंसों को खोजने गांव के पास जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान पनपथा बफर जोन क्षेत्र में बाघ ने उन पर हमला कर दिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना पर पपौंध पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर मिले निशानों के आधार पर परिजनों और ग्रामीणों ने बाघ के हमले में मौत होने की आशंका जताई है।

एक दिन पहले तेंदुए ने किशोरी को बनाया था शिकार

इससे एक दिन पहले ब्यौहारी क्षेत्र में तेंदुए के हमले में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई थी। किशोरी अपनी बहन के साथ घर की परछी में सो रही थी। तड़के तेंदुआ उसे उठाकर ले गया था। बाद में घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिला था।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप

लगातार दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। राजेंद्र यादव की मौत के बाद परिजनों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया है। पनपथा बफर जोन के एसडीओ फॉरेस्ट भूरा गायकवाड़ सहित वन विभाग का अमला घटनास्थल पर मौजूद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला