जबलपुर : सीलिंग की सरकारी जमीन पर बना रखा था शादी का मंडप, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

 




जबलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अधारताल तहसील के कछपुरा क्षेत्र में शासकीय सीलिंग भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की।

राजस्व अमले ने करीब साढ़े तीन हजार वर्गफुट सरकारी जमीन पर बनाए गए भवन और शादी मंडप के अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा तोड़ दिया गया। शेष हिस्से को मंगलवार को हटाने की चेतावनी के बाद मंडप संचालक स्वयं अतिक्रमण हटाने में जुट गया है।

अधारताल तहसीलदार से प्राप्त जानकारी के अनुसार कछपुरा स्थित शासकीय सीलिंग भूमि पर आजाद चौक निवासी मनीष गुप्ता ने कथित रूप से अतिक्रमण कर गणेश मंडपम का निर्माण कर रखा था। इस मामले में तहसीलदार न्यायालय की ओर से पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमणकर्ता को स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सोमवार को राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

प्रशासन की जेसीबी ने मंडप परिसर के बड़े हिस्से को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक करीब 80 प्रतिशत अतिक्रमण हटाया जा चुका है। शेष हिस्से को मंगलवार को तोड़े जाने की जानकारी दिए जाने के बाद संचालक ने खुद ही बचा हुआ अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। स्थानीय स्तर पर मंडप संचालक पर शादी समारोहों के दौरान आने वाले वाहनों की पार्किंग सरकारी जमीन पर कराने के आरोप भी लगते रहे हैं। बताया जाता है कि मंडप संचालक शादी समारोहों में कैटरिंग का ठेका भी लेता था और कार्यक्रमों के दौरान वाहनों की पार्किंग रेलवे की जमीन पर कराई जाती थी।

इस संबंध में उसे कई बार चेतावनी दिए जाने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद गतिविधियों पर रोक नहीं लगी। इसी भूमि को लेकर एक सोसाइटी के साथ विवाद की स्थिति भी बनी हुई थी। प्रशासन की ताजा कार्रवाई के बाद अब शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक