स्कूली बच्चों की गाड़ी पेड़ से टकराई, आठ बच्चे घायल:एक बच्ची की हालत गंभीर

 


मंदसौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में मंगलवार की दोपहर बच्चों को स्कूल ले जा रही गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसा ग्राम रिंडा के पास हुआ। इसमें 7 बच्चे और वाहन चालक घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया। दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाकी घायलों का इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी चालक महेंद्र सिंह राजपूत बच्चों को जीनियस पब्लिक स्कूल, रिंडा छोड़ने जा रहा था। गाड़ी में लुहारी श्रीपथ और बर्डियाखेड़ी के बच्चे सवार थे। ये बच्चे रोज इसी वाहन से स्कूल जाते थे। इसी दौरान ग्राम रिंडा के पास गाड़ी अनियंत्रित हो गई। फिर पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी में सवार बच्चे और चालक घायल हो गए। हादसे में घायल पूजा (6), रियांश (7), अक्षिता (7), अंशुल (5) और हिमांशी (6) का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वेदिका (5) की हालत को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर किया गया। गुंजन (9) और वीरेंद्र प्रजापत (15) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वाहन चालक महेंद्र सिंह (25), निवासी रिंडा, का जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज चल रहा है। उसके गले में गंभीर चोट आई है।

हादसे की सूचना मिलने पर एसडीओपी गिरीश जेजूरकर और अफजलपुर थाना प्रभारी विकास गहलोत जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर दिव्यांशी गौर ने बताया कि एक बच्ची की स्थिति थोड़ी गंभीर थी। इसी कारण उसे उदयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस के मुताबिक, चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि वह शराब के नशे में था या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया