सागरः स्कूल वैन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

 


सागर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जैसीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सरखड़ी-बांसा रोड पर स्थित ताजपुर तिराहे के पास एक तेज रफ्तार स्कूल वैन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की गंभीर चोटें आने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद नियंत्रित हुई स्कूल वैन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

जानकारी के अनुसार, बांसा के रहने वाले 42 वर्षीय गुड्डू यादव और उनके सिंगारचौरी निवासी 27 वर्षीय दोस्त रामबाबू उर्मी बुधवार सुबह किसी निजी काम के सिलसिले में बाइक से सागर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ताजपुर तिराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रही सरखड़ी कॉन्वेंट स्कूल की तेज रफ्तार वैन ने उनकी बाइक को जोरदार ढंग से अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को संभाला। अत्यधिक खून बह जाने के कारण गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल इलाज के लिए भाग्योदय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। जैसीनगर पुलिस ने फरार वैन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद से दोनों मृतकों के गांवों और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे