सावन के पहले सोमवार पर खेजरा महाकाल धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शिवमय रहा पूरा क्षेत्र

 


सागर, 03 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर सागर जिले के बांदरी से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित खेजरा महाकाल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर निर्मित इस धाम में तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही भगवान महाकाल के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का आना शुरू हो गया। दिनभर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।

श्रद्धालु जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प लेकर कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान महाकाल का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।

मंदिर के पुजारी हिमांशु तिवारी ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए मंदिर समिति ने व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। भीड़ के सुचारु संचालन के लिए बैरिकेडिंग की गई, जिससे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित और सुगम दर्शन कराए जा सके। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी सहयोग किया।

पंडित आदित्य तिवारी ने बताया कि श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए जलाभिषेक एवं पूजन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी कारण स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खेजरा महाकाल धाम पहुंचे।

दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आयोजित मेले का भी आनंद लिया। दिनभर चले धार्मिक आयोजन के दौरान बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे