लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ अभियान बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे: हेमंत खंडेलवाल
-5 नवंबर तक चलेगा अभियान, स्कूल-कॉलेजों में संवाद, विधानसभा स्तर पर पदयात्राएं और युवाओं के बीच होंगे कार्यक्रम
भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के लिए प्रदेश स्तर पर टोली गठित की गई है। विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए अलग-अलग टोलियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) सहित अन्य विषयों को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों के साथ जनता के बीच पहुंचकर इन आरोपों का जवाब दें और लोगों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व और उनकी मजबूती पर संवाद करेंगे।
कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप
खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए भी लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं को कमजोर किया और अब विपक्ष में रहते हुए लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर, चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब में भाजपा तथ्यों के साथ जनता के बीच जाएगी। इसके लिए जनसंवाद, साहित्य वितरण, मीडिया और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
घर-घर संपर्क कर तथ्यों से अवगत कराएंगे कार्यकर्ता
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि अभियान के माध्यम से पार्टी को अपना पक्ष प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखना है। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें और लोकतंत्र, चुनाव आयोग तथा मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर तथ्यों के आधार पर जानकारी दें। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान मीडिया पर सेंसरशिप लगाई गई थी और कई निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन ऐतिहासिक घटनाओं के संदर्भ में जनता के बीच संवाद करने का आह्वान किया।
चंद्रशेखर ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए संगठन की विभिन्न टोलियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। युवा वर्ग, विद्यार्थियों और प्रबुद्धजनों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चर्चा के साथ विधानसभा एवं लोकसभा स्तर पर जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
पदयात्राओं से लेकर विद्यार्थियों के बीच संवाद तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत जिला और विधानसभा स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ पदयात्राएं निकाली जाएंगी। ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से चर्चा की जाएगी। वहीं, ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी। छात्रों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने और युवाओं से संवाद करने की भी योजना है।
इसके अलावा ‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम के माध्यम से घुसपैठ और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी भाजपा कार्यकर्ता अपना पक्ष जनता के सामने रखेंगे। बैठक में प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, अभियान की प्रदेश टोली के सदस्य, मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठ संयोजक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे