सतना: गुप्तगोदावरी में श्रद्धालुओं की बस पर पथराव, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
मंदसौर से आए श्रद्धालुओं की बस का कांच टूटा, आरोपी युवक मौके से फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
सतना, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गुप्तगोदावरी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुछ युवकों ने श्रद्धालुओं से भरी एक बस पर पथराव कर दिया। घटना में बस का अगला कांच क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि किसी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक मामूली विवाद से हुई, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।
जानकारी के मुताबिक मंदसौर जिले से आए श्रद्धालु बस क्रमांक एमपी 44 जेडडी 3648 से चित्रकूट पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने सोमवार सुबह गुप्तगोदावरी में दर्शन किए और दोपहर बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय एक श्रद्धालु पार्किंग क्षेत्र में खड़ी बस की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से एक ई-रिक्शा तेज गति से उसकी ओर आता दिखाई दिया। टक्कर से बचने के प्रयास में श्रद्धालु ने ई-रिक्शा को दोनों हाथों से रोकने की कोशिश की, जिससे उसका कांच टूट गया।
ई-रिक्शा का कांच टूटने के बाद चालक और उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि तीनों युवकों ने श्रद्धालु के साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उस समय मामला सुलझ गया था और किसी ने आगे विवाद बढ़ाने की उम्मीद नहीं की थी।
बस रवाना होते ही किया पथराव
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब श्रद्धालुओं की बस पार्किंग से रवाना होने लगी, तभी पहले विवाद में शामिल तीनों युवक फिर वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने बस के सामने वाले हिस्से पर पत्थर फेंक दिए। पथराव से बस का अगला कांच टूट गया और यात्रियों में दहशत फैल गई। अचानक हुए हमले से बस में बैठे श्रद्धालु घबरा गए। घटना के बाद कुछ श्रद्धालु बस से उतरकर आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद श्रद्धालुओं ने स्थानीय लोगों की मदद से डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बस में मौजूद श्रद्धालुओं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। श्रद्धालुओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की घटनाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल युवकों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे