सतना में रेलिंग तोड़कर पुल पर लटकी सफारी कार, रील के चक्कर में नागौद में 4 नाबालिग कर रहे थे स्टंट

 


सतना, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नागौद क्षेत्र में शनिवार को एक सफारी कार पुल की रेलिंग तोड़कर आधी हवा में लटक गई। कार में चार नाबालिग सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना वसुधा गांव स्थित मंदिर के पास बने पुल की है। जानकारी के मुताबिक, बिना नंबर की सफारी कार में सवार चार नाबालिग युवक रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और कार का अगला हिस्सा पुल के बाहर हवा में लटक गया। कार का आधा हिस्सा पुल से बाहर झूल रहा था, जबकि नीचे नदी बह रही थी। यदि कार पूरी तरह गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह संयोग ही रहा कि समय रहते वाहन वहीं अटक गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पहुंचकर कार में फंसे चारों नाबालिगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को हटाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी नाबालिग बिना अनुमति वाहन चला रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे