सतना: प्रिज्म सीमेंट फैक्ट्री में एसी विस्फोट, एक कर्मचारी की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
सतना, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत मनकहरी स्थित प्रिज्म जॉनसन सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर एक एसी में हुए विस्फोट में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में एसी में गैस भरने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ एसी फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पास में काम कर रहे दो कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में ग्राम डढ़िया, रामपुर बघेलान निवासी विक्रम सिंह पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर बघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा एसी में गैस भरने के दौरान हुआ, हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।
सुरक्षा मानकों की जांच होगी
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन, तकनीकी स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या गैस भरने के दौरान सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे