सतना: यात्रियों को बचाने के प्रयास में बस पलटी, 29 घायल; तीन की हालत गंभीर
सतना, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटी मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक यात्री बस पलटने से 29 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बस चालक ने सामने आ गए इलेक्ट्रिक ऑटो और उसमें सवार लोगों को बचाने के प्रयास में अचानक बस को मोड़ा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।
पुलिस के अनुसार नफीस ट्रेवल्स की बस सतना से चित्रकूट जा रही थी। मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे हाटी मोड़ के पास अचानक एक ऑटो सामने आ गया। यात्रियों को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाते हुए बस को दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश की, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। ट्रैफिक डीएसपी संजय खरे भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल ऑटो और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिन घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें अंजू केवट 25 साल, दयाशंकर केवट सीधी सेमरिया, दयाशंकर 28, श्यामचंद्र केवट, पार्वती केवट 48, रामनिवास केवट गुदवा शहडोल, राहुल गुप्ता 40, महेश गुप्ता महदेवा धवारी, बुद्धा साकेत 62, सूरजदीन साकेत ग्राम जूड़ा नादन थाना मैहर, जगत नारायण 40, रामसजीवन सीकरी बांदा, राजकुमारी 40, लालबहादुर चित्रकूट, संगीता चौधरी 35, जितेंद्र चौधरी 37, बाबूलाल कृष्ण नगर, श्रृष्टि पिता जितेंद्र कृष्ण 10, विद्या साकेत 52, रतन वर्मा कृष्णनगर, रतन वर्मा 64, रामावतार कृष्णनगर, सोहती कमलेश 40, जैतीपुर सलेहा पन्ना, कांतिशरण तिवारी 47, दादूलाल तिवारी मझगांव सहित 49 व्यक्ति शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर उपचार शुरू करवा दिया है और मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी