सतना-मैहर बाईपास पर बस ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, एक गंभीर घायल
सतना, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना-मैहर बाईपास पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोलगवां थाना क्षेत्र के उतैली मोड़ के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, सतना से मैहर जा रही अभय ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 19 पी 0685 ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे 25 वर्षीय विवेक यादव पुत्र रक्कू यादव बस के पहियों के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं बस में सवार यात्री भी उतरकर चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
गंभीर रूप से घायल विवेक यादव और 24 वर्षीय विनय यादव पुत्र लक्खू यादव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। विनय के सीने में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। वहीं 30 वर्षीय वंदना यादव पत्नी विकास यादव को मामूली चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, चकदही गांव निवासी विवेक अपनी भाभी वंदना को डॉक्टर को दिखाने के लिए सतना लेकर आ रहा था। रास्ते में उतैली मोड़ के पास यह हादसा हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे