सतना की 20 इलेक्ट्रिक बसें दूसरे शहर भेजने का आरोप, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
सतना, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के लिए आवंटित 20 इलेक्ट्रिक बसों को कथित रूप से इंदौर और भोपाल भेजे जाने के आरोपों को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मामले में सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे सतना के साथ अन्याय बताया है। पार्टी ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने और बसों को तत्काल सतना वापस लाने की मांग की है।
कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने आरोप लगाया कि सतना के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी, एयरोड्रम, एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर जैसी योजनाओं में भी जिले की अनदेखी की गई है।उन्होंने सवाल उठाया कि जब सतना के लिए सुविधाएं स्वीकृत होती हैं, तो उन्हें दूसरे शहरों की ओर क्यों मोड़ दिया जाता है। साथ ही उन्होंने सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि सतना के हिस्से की 20 इलेक्ट्रिक बसों की वर्तमान स्थिति की जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि किन नियमों और किस प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत इन बसों को अन्य शहरों में भेजा गया।पार्टी ने मांग की है कि यदि बसों का स्थानांतरण नियमों के विपरीत हुआ है, तो उन्हें तत्काल सतना वापस लाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी