सतनाः धवारी स्टेडियम खोलने के लिए खिलाड़ियों ने आंख पर काली पट्टी बांधकर किया सांकेतिक धरना-प्रदर्शन
सतना, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में धवारी स्टेडियम को खिलाड़ियों के लिए पुनः खोलने की मांग को लेकर रविवार को धवारी स्टेडियम के मुख्य द्वार पर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
धरना-प्रदर्शन में शामिल प्रतिभागियों ने अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधकर प्रशासन का ध्यान खिलाड़ियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि धवारी स्टेडियम लंबे समय से खिलाड़ियों के लिए बंद होने के कारण उन्हें नियमित अभ्यास और खेल गतिविधियों में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने के लिए बाध्य होना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों ने मांग की कि धवारी स्टेडियम को शीघ्र खिलाड़ियों के लिए खोला जाए तथा खेल गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाए। धरने के दौरान उपस्थित अंकित रॉकी शर्मा ने कहा कि खेल मैदान केवल एक स्थान नहीं बल्कि खिलाड़ियों के सपनों, मेहनत और भविष्य का आधार होते हैं। यदि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उचित सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो जिले की खेल प्रतिभाएं प्रभावित होंगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की तथा चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी