सदगुरु नेत्र चिकित्सालय में दो दिवसीय सामुदायिक स्पॉन्सर मिलन समारोह संपन्न
सतना, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित सदगुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड में आयोजित दो दिवसीय सामुदायिक स्पॉन्सर मिलन समारोह बुधवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर विद्याधाम सभागार में आयोजित कार्यक्रम
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के निदेशक एवं ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन, महिला समिति की अध्यक्ष उषा जैन तथा दोनों राज्यों से आए अतिथियों ने गुरुदेव का पूजन और स्वर्गीय पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बी.के. जैन ने अंधत्व निवारण और मानव सेवा के क्षेत्र में जो कार्य प्रारंभ किए, उन्हें आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उपस्थित समाजसेवियों ने मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के उपचार की सेवाओं का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
ट्रस्ट के निदेशक डॉ. इलेश जैन ने सभी समाजसेवियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें जिस प्रकार स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन को समाज का सहयोग और विश्वास मिला, उसी प्रकार सभी के सहयोग से वे मानव सेवा के इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की प्रेरणा से ट्रस्ट द्वारा संचालित सभी सेवा प्रकल्पों और नेत्र चिकित्सालय की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा।
इस अवसर पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक उपचार पहुंचाने में सक्रिय समाजसेवियों को मंच पर सम्मानित किया गया। डॉ. इलेश जैन ने कहा कि आगामी समय में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के प्रत्येक जिले तथा गांवों तक नेत्र चिकित्सा शिविर पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद नेत्र रोगी उपचार से वंचित न रहे।
समारोह में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से बड़ी संख्या में समाजसेवियों के साथ सदगुरु नेत्र चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और ट्रस्ट के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी