सतना के पीएम आवास परिसर में बनेंगी दुकानें, 2.25 करोड़ की लागत से शुरू हुआ निर्माण कार्य
सतना, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को रोजगार और आजीविका से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उतैली स्थित प्रधानमंत्री आवास परिसर में करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।
शनिवार को इस परियोजना का भूमि पूजन राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार और नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ‘पालन’ की मौजूदगी में किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि दुकान निर्माण परियोजना से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे उनकी आजीविका मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। सांसद गणेश सिंह ने कहा कि नगर निगम जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।
शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि दुकानों के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। वहीं नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ‘पालन’ ने कहा कि सतना में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और यह परियोजना लोगों को व्यापार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होगी। कार्यक्रम में विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी, नगर निगम निर्माण विभाग के अध्यक्ष गोपी गेलानी, वार्ड-22 की पार्षद सुनीता राजेंद्र कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
भूमि पूजन के साथ ही दुकान निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई। परियोजना पूर्ण होने के बाद प्रधानमंत्री आवास परिसर में रहने वाले हितग्राहियों को व्यवसाय के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ क्षेत्रीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी