सतना : महिला मोर्चा कार्यकर्ता भाजपा की शक्ति और समाज परिवर्तन की कड़ी : अश्विनी परांजपे

 


सतना, 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के प्रथम सतना आगमन पर जिलेभर में कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नागौद से सतना तक विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. स्वप्ना वर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रियांशा उरमलिया, जिलाध्यक्ष सीमा सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

स्वागत से अभिभूत अश्विनी परांजपे ने महिला कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की शक्ति है और समाज परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी है।

सतना प्रवास के दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित महिला मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। महिला मोर्चा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर की इकाइयों को अधिक सक्रिय बनाने तथा नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए अश्विनी परांजपे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों, विशेषकर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा विकास और गरीब हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मंत्री प्रतिमा बागरी, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. भगवती प्रसाद पांडेय, चित्रकूट प्राधिकरण अध्यक्ष विजय यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार, जिला महामंत्री जय प्रताप गुप्ता सहित महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी