सतना के शिवसागर गांव में तेंदुए का हमला, बाड़े में घुसकर नौ भेड़ों को मार डाला

 


सतना, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सतना जिले के कोठी क्षेत्र के शिवसागर गांव में तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात तेंदुआ एक बाड़े में घुस गया और वहां बंधी नौ भेड़ों को अपना शिकार बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, शिवसागर निवासी रामसुखी पाल ने अपनी भेड़ों को रात में घर के पास बने बाड़े में बांध रखा था। देर रात तेंदुआ बाड़े में घुस आया और एक-एक कर नौ भेड़ों को मार डाला। शुक्रवार सुबह परिजनों ने बाड़े में पहुंचकर भेड़ों के शव देखे, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

शुक्रवार को सूचना मिलने पर मझगवां वन परिक्षेत्र की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मिले पंजों के निशानों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने घटना को तेंदुए के हमले से जुड़ा माना है।

मझगवां वन परिक्षेत्र के रेंजर रंजन सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित पशुपालक से प्रतिवेदन लेकर नियमानुसार प्रकरण तैयार किया जाएगा तथा शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने और सतर्कता बरतने की अपील भी की।

घटना के बाद शिवसागर और आसपास के गांवों में लोगों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी