सतनाः जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और छात्रों ने किया योग

 


सतना, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सतना जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के मुख्यातिथ्य में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्र 1 में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, नगर निगम स्पीकर राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम सुभाष मिश्रा सहित अधिकारी कर्मचारी और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अमृत पार्क में लगाए गए पौधे

विश्व योग दिवस के अवसर पर महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने अमृत पार्क में आयोजित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश दिया। एक वृक्ष केवल पर्यावरण को ही संरक्षित नहीं करता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य की नींव भी रखता है। हम सभी का यह सामूहिक दायित्व है कि प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भगवती पाण्डेय एवं अन्य सम्मानित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। सभी के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनना अत्यंत प्रेरणादायक रहा। 'एक पेड़ मां के नाम' के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाने और धरती मां को हरियाली का अमूल्य उपहार देने का संकल्प लिया गया।

मैहर में सुना गया पीएम का वर्चुअल संबोधन

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मैहर स्थित सरस्वती स्कूल के सभागार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव वर्चुअल संबोधन एवं योग कार्यक्रम का सामूहिक रूप से अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह के मुख्यातिथ्य और विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी