सतनाः नशे के खिलाफ पुलिस का 15 दिवसीय मेगा अभियान शुरू

 


सतना, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सतना पुलिस ने बुधवार से 15 दिवसीय 'नशे से दूरी' जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर शुरू

हुए इस अभियान का शुभारंभ पुलिस परेड ग्राउंड से जागरूकता रैली निकालकर किया गया। जागरूकता रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गौरव पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस परेड ग्राउंड से कोठी तिराहा होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश

दिया गया। अभियान के तहत अगले 15 दिनों तक जिले के स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं के साथ विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई जाएगी। सतना पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना, समाज में जागरूकता बढ़ाना और जनसहभागिता के

माध्यम से नशामुक्त सतना का निर्माण करना है। पुलिस ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशे के खिलाफ जनआंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की है। रौली में डीएसपी हेडक्वार्टर मनोज दीक्षित, डीएसपी रावेन्द्र द्विवेदी, आरआई देविका सिंह बघेल, टीआई योगेन्द्र सिंह, श्वेता मौर्या, यातायात प्रभारी पूनम रावत, साइबर अधिकारी अजीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी