सतनाः बिरसा मुंडा जयंती पर केंद्रीय जेल से पांच बंदियों की रिहाई

 


सतना, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को केंद्रीय जेल से पांच बंदियों को रिहा किया गया। ये सभी बंदी आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे थे।

केंद्रीय जेल मुख्यालय के आदेश एवं राज्य शासन द्वारा घोषित परिहार का लाभ मिलने के बाद इनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। जेल अधीक्षक श्रीमती लीना कोष्टा ने बंदियों को रिहा किया। इस अवसर पर प्रत्येक रिहा होने वाले बंदी को आध्यात्मिक जीवन से जुड़ने के लिए श्रीमद्भगवद्गीता पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए फलदार पौधा (एक पेड़ मां के नाम), लंच पैकेट, बंदी पारिश्रमिक की पासबुक तथा रिहाई प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

जेल अधीक्षक ने बंदियों को अपराध से दूर रहने, अपने शेष जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर नई शुरुआत करने की समझाइश दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रिहा होने वालों में मैहर जिले के दो बंदी शिवबालक कोल पिता मंगल कोल एवं सतीश तिवारी पिता छोटेलाल तिवारी, पन्ना जिले के दो बंदी रामप्रताप राजपूत पिता नन्ना राजपूत एवं स्वामीदीन लोधी पिता इमरता लोधी तथा टीकमगढ़ जिले के गुलाब अहिरवार पिता लल्लू अहिरवार शामिल हैं। इनमें से स्वामीदीन लोधी सतना की खुली जेल कॉलोनी के निवासी थे। इस पहल का उद्देश्य सजा पूरी कर चुके अथवा शासन की विशेष छूट के पात्र बंदियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर देना और उन्हें बेहतर जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी