सतनाः स्व. अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष पर विशाल जन सभा संपन्न
सतना, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद द्वारा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के शिल्पकार श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर टाउन हॉल, में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने सहभागिता कर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने विश्व हिन्दू परिषद के प्रकल्प केशव माधव गौ सेवा संस्थान, बगहा में श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी वर्ष की स्मृति में निर्मित ‘सिंघल गौ सेवा सदन’ का लोकार्पण भी किया।
महापौर ने कहा कि गौसेवा हमारी सनातन संस्कृति की महान परंपरा और समाज के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है। इस पुनीत कार्य से गौवंश की सेवा एवं संरक्षण को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंघल जी ने राष्ट्र, धर्म और समाज के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनकी स्मृतियों को सेवा एवं जनकल्याण के ऐसे कार्यों के माध्यम से जीवंत रखना सभी के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में पूज्य संत 1008 श्री श्री साकेत बिहारी जू महाराज, सांसद गणेश सिंह, जिला संघ चालक रामबेटा कुशवाहा, क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम, विश्व हिन्दू परिषद जिला अध्यक्ष विक्रम चौधरी, प्रांत उपाध्यक्ष सीमा सिंह, लखन केशरवानी, साध्वी निर्मला दीदी, महाकौशल प्रांत संगठन मंत्री जितेंद्र वर्मा, उत्तम बनर्जी, मणिकांत माहेश्वरी, विपिन सिंह, राजबहादुर मिश्रा, सचिन शुक्ला, अबीर, पूर्व स्पीकर अनिल जायसवाल, विंध्य चेंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा सहित विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी