सतनाः हवाई पट्टी के विस्तार की राह में बाधक बने अतिक्रमणकारी
सतना, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में हवाई पट्टी के विस्तार में लंबे समय से बाधा बने अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। लगातार नोटिस और समझाइश के बाद भी जमीन खाली नहीं होने पर शुरू हुई बेदखली की कार्रवाई अब विरोध और टकराव की स्थिति तक पहुंच गई है।
शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम की कार्रवाई के दौरान विरोध की स्थिति निर्मित हुई। इस दौरान पूर्व पार्षद नीरज शुक्ला को पुलिस अपने साथ ले गई। कार्रवाई के बीच अतिक्रमणकारियों की ओर से पथराव किए जाने की भी खबर है। हालात नियंत्रित करने इस दौरान अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सिटी राहुल सिलाड़िया और सीएसपी मनीष त्रिपाठी सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
92 कब्जे विस्तार की राह में बने बाधा
दरअसल हवाई पट्टी की मौजूदा लंबाई 1200 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 1800 मीटर करने की योजना है। इस विस्तार के लिए हवाई पट्टी और आसपास की शासकीय जमीन पर कुल 92अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। इनमें आदर्श नगर क्षेत्र में 65 और उतैली बाईपास की ओर 27 कब्जे शामिल हैं। प्रशासन की ओर से संबंधित कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
इसके पहले भी हो चुकी हैं जमीन खाली कराने की कोशिशें
हवाई पट्टी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद नई नहीं है। इससे पहले भी राजस्व विभाग की टीम सीमांकन और कब्जों की पहचान के लिए कई बार मौके पर पहुंच चुकी है। पूर्व में किए गए सर्वे में करीब 120 कब्जे चिह्नित किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। 18 नवंबर को प्रशासन ने जेसीबी के साथ अभियान शुरू करते हुए आदर्श नगर क्षेत्र में अस्थायी झोपड़ियों को हटाया था। इसके बाद शेष कब्जों को हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
रनवे विस्तार के लिए जमीन खाली कराना चुनौती
हवाई पट्टी की लंबाई 600 मीटर बढ़ाने की योजना सतना के विमानन विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण है। लेकिन चिहित अतिक्रमणों को हटाने में प्रशासन को लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अब कार्रवाई के दौरान पथराव की सूचना और पूर्व पार्षद को पुलिस द्वारा ले जाए जाने की घटना ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के मौके पर पहुंचने के बाद घटनाक्रम ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के साथ यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शेष कब्जों को हटाने में कितनी तेजी दिखाई जाती है और हवाई पट्टी विस्तार की योजना को जमीन पर उतारने का रास्ता कब तक साफ होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी