भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के शिल्पकार हैं सरदार पटेल :- राकेश सिंह

 


जबलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का अनुपम उदाहरण है। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात जब देश अनेक रियासतों में विभाजित था, तब सरदार पटेल ने अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता, कुशल नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के बल पर सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर एक मजबूत और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका यह योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा क्योंकि उन्होंने भारत को एक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, सरदार पटेल जी भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के शिल्पकार हैं

यह बात मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शनिवार को जबलपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर आयोजित माल्यार्पण के पश्चात कही।

देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री, भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा उनकी विजयनगर एसबीआई चौक स्थित प्रतिमा एवं भाजपा संभागीय कार्यालय रानीताल में माल्यार्पण किया गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्यप्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, सांसद आशीष दुबे, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पाण्डेय, नीरज सिंह, संतोष बरकडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, अमित सोनू बचवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर सरदार पटेल जी का पुण्य स्मरण किया।

सिंह ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के राष्ट्रनिर्माताओं में अग्रणी थे। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह उनकी असाधारण नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उनका मानना था कि राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता में निहित है और जब देशवासी एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो कोई भी चुनौती देश की प्रगति का मार्ग नहीं रोक सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक