सरदार पटेल की 151 वीं जयंती पर प्रदेशभर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, इंदौर में 500 विद्यार्थियों ने लगाई दौड़

 


इंदाैर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। इंदौर में नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ में करीब 500 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने दौड़ में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

इंदौर में सुबह नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई एकता दौड़ जीपीओ, शिवाजी वाटिका, एमपीपीएससी चौराहा, ट्रैफिक पार्क और रेसीडेंसी होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पहुंची। करीब चार किलोमीटर के इस मार्ग पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ लगाई। आयोजन के समापन पर उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

विविधता में एकता का संदेश देने का प्रयास

एडिशनल कलेक्टर नवजीवन विजय पवार ने बताया कि रन फॉर यूनिटी में करीब 500 बच्चों ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ तक सीमित नहीं था, बल्कि सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के विजन को आगे बढ़ाना भी था। देश की विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों और युवाओं को इस आयोजन से जोड़ा गया। खेल अधिकारी रीना चौहान ने बताया कि चार किलोमीटर की दौड़ में उच्च शिक्षा विभाग और खेल विभाग से जुड़े विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन में जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हुए।

हरदा में 300 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

हरदा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर घंटाघर चौक से रन फॉर यूनिटी शुरू हुई। कलेक्टर कुमार सत्यम ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ चांडक चौक, परशुराम चौक और बड़ी सिंधी कॉलोनी मार्ग से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंची। इसमें करीब 300 विद्यार्थियों के साथ पुलिस जवान, जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी शामिल हुए। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के नारे लगाए।

डिंडोरी में छात्र-छात्राओं और अधिकारियों ने लगाई दौड़

डिंडोरी में रानी अवंती बाई चौक से पुलिस ग्राउंड तक एकता दौड़ आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और डीएफओ अशोक सोलंकी सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

शाजापुर में विधायक और अधिकारियों ने भी लगाई दौड़

शाजापुर में उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से शुरू हुई रन फॉर यूनिटी स्टेडियम ग्राउंड पर समाप्त हुई। विधायक अरुण भीमावद, कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े और एसपी प्रियंका शुक्ला ने स्कूली बच्चों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। इस दौरान विधायक भीमावद ने सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के एकीकरण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

नर्मदापुरम में पटेल प्रतिमा स्थल पर आयोजन

नर्मदापुरम में एसपी कार्यालय स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल पर राष्ट्रीय एकता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कलेक्टर आशीष वशिष्ठ सहित अधिकारी, युवा और आम नागरिकों ने रन फॉर यूनिटी में भाग लिया। प्रदेशभर में हुए इन आयोजनों के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्र एकीकरण के योगदान को याद करते हुए एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे