राजगढ़ः सारंगपुर सिविल अस्पताल में डायलिसिस यूनिट और हेल्थ एटीएम शुरू
राजगढ़, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर सिविल अस्पताल में मंगलवार को प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट और हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया। यह सुविधा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के विजन का हिस्सा है।
राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि अब सारंगपुर क्षेत्र के किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए इंदौर, भोपाल या उज्जैन जैसे शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। नई यूनिट से मरीजों को अपने ही क्षेत्र में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। विशेषज्ञों के अनुसार डायलिसिस मशीन किडनी की कार्यक्षमता कम होने पर रक्त से विषैले तत्व, अतिरिक्त पानी और अपशिष्ट पदार्थ निकालकर मरीज को राहत देती है। इससे उनके जीवनरक्षक उपचार में बड़ी मदद मिलती है।
अस्पताल में स्थापित हेल्थ एटीएम डिजिटल स्वास्थ्य तकनीक से लैस है। इसके जरिए 102 तरह की जांच जैसे रक्तचाप, शुगर, ऑक्सीजन सैचुरेशन, ईसीजी, तापमान, वजन, बीएमआई और हीमोग्लोबिन कुछ ही मिनटों में की जा सकेंगी। रिपोर्ट डिजिटल रूप में तुरंत मिल जाएगी, जिससे रोगों की शुरुआती पहचान और समय पर इलाज संभव होगा। शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है। लोगों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यमंत्री टेटवाल के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक