अनूपपुर: सरई चौकी प्रभारी पर 30 हजार मांगने और हिरासत में मारपीट का आरोप
अनूपपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के करनपठार थाना अंतर्गत सरई चौकी प्रभारी मंगला दुबे पर युवक को अवैध रूप से हिरासत में रखने, मारपीट, जातिगत गाली-गलौज और 30 हजार रुपये मागने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए गुरूवार को आम आदमी पार्टी ने एसडीओपी पुष्पराजगढ़ को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पार्टी ने 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर 17 अक्टूबर को सरई चौकी के सामने शांतिपूर्ण धरना देने की चेतावनी दी है।
आठ दिन हिरासत में रखने और मारपीट का आरोप
ग्राम तरंग निवासी सुनील पनिका के अनुसार, 29 सितंबर को चौकी प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ उसके घर पहुंचीं और उसे चौकी ले गईं। युवक का आरोप है कि चोरी के मामले में उसे 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक अवैध हिरासत में रखा गया। इस दौरान हथकड़ी लगाकर, पैर बांधकर बांस की लाठी और लोहे के पाइप से मारपीट की गई। उसने पिता के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उससे 30 हजार रुपये मांगे गए और रकम नहीं देने पर झूठे मामलों में फंसाने तथा एनकाउंटर की धमकी दी गई। आम आदमी पार्टी के शहडोल जोन प्रभारी वंशपाल टांडिया ने एसडीओपी को पत्र सौंपकर 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। पार्टी ने चौकी प्रभारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, उन्हें पद से हटाकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चौकी प्रभारी सरई मंगला दुबे का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी पांच अपराध दर्ज हैं अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। जो भी आरोप लगाए गए हैं वह निराधार है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला