राजगढ़ः संत रविदास माटी कलश यात्रा ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

 


राजगढ़, 07 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही माटी कलश वंदन यात्रा सोमवार को ब्यावरा मंडल के लोदीपुरा, बरखेड़ा और निवानिया गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों, भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत कर कलश का विधि-विधान से पूजन किया और संत रविदास महाराज को पुष्प अर्पित किए।

वाराणासी से हुई यह यात्रा मध्य प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच रही है। ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार के नेतृत्व में यात्रा निकाली जा रही है। राजगढ़ जिले की विभिन्न विधानसभाओं का भ्रमण करने के बाद यात्रा ब्यावरा पहुंची। यात्रा के दूसरे दिन पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु मालवीय और मंडल अध्यक्ष राजू यादव ने शुभारंभ किया।

पूर्व मंत्री यादव ने संत रविदास के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश आज भी समाज को समानता और सामाजिक समरसता की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने श्रम को सम्मान दिया और भक्ति के साथ परिवार व समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। जिला यात्रा प्रभारी डॉ. विष्णु मालवीय ने कहा कि संत रविदास महाराज के आदर्श समाज में भाईचारा, सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करते हैं। यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक