राजगढ़ः संत रविदास जयंती पर जिले में सामाजिक समरसता का संकल्प, कलश वंदन यात्रा गुरुवार को
राजगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिले में सामाजिक समरसता अभियान चलाया जाएगा। वहीं गुरुवार, 20 अगस्त को दोपहर 2 बजे मंगल भवन राजगढ़ से कलश वंदन यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। जिला अध्यक्ष गुर्जर ने बताया कि मंगल भवन से शुरू होने वाली यात्रा में संत-महात्मा, बैंड-बाजे, ढोल, महिला मंडल, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यह यात्रा जिले के सभी 29 मंडलों तक पहुंचेगी और गांव-गांव जाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सामाजिक समरसता का संदेश देगी।
उन्होंने कहा कि जातिवाद की चुनौतियों के बीच समाज में समानता, भाईचारा और समरसता स्थापित करना सभी की जिम्मेदारी है। संत रविदास महाराज का जीवन और उनके विचार समाज को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली शेर गोवर्धनपुरा से लाई गई पवित्र मिट्टी और पावन जल से कलश तैयार किए गए हैं। इन्हें यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर संत रविदास जयंती माघ पूर्णिमा, 20 फरवरी तक चलेगा। प्रेस वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी ने किया। आभार जिला सह मीडिया प्रभारी जगदीश दास ने माना।
इस मौके पर पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रताप मंडलोई,जिला महामंत्री देवीसिंह सोंधिया, जिला कोषाध्यक्ष शैलेश गुप्ता, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मोना सुस्तानी, जिला कार्यालय मंत्री श्याम मंडलोई, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक