राजगढः गौ-सम्मान आवाहन अभियान- संतों और गोभक्तों ने रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 27 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को ‘गौ-सम्मान आवाहन अभियान’ के तहत गौ-माता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग को लेकर संतों और बड़ी संख्या में गोभक्तों ने शांतिपूर्ण रैली निकाली।
जिलेभर में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत ब्यावरा नगर में भी भजन-कीर्तन के साथ रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में नागरिक, संत और समाजसेवी शामिल हुए। रैली की शुरुआत मां वैष्णोदेवी मंदिर परिसर से हुई, जहां संतों ने गौ-सेवा और संरक्षण के महत्व पर संदेश दिया। इसके बाद रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। यहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से गौ-माता को राष्ट्रमाता के रूप में संवैधानिक मान्यता देने, देशभर में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु मजबूत केंद्रीय कानून बनाने तथा गौवंश की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। संतों का कहना था कि गाय भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और कृषि व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए उसके संरक्षण के लिए कठोर कदम आवश्यक हैं।
अभियान से जुड़े संतों ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का प्रथम चरण है। भारत की 5000 से अधिक तहसीलों में एक साथ इसी प्रकार ज्ञापन सौंपकर गो-भक्तों ने गौ-सम्मान की हुंकार भरी है। आने वाले महीनों में इस अभियान को जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक रूप दिया जाएगा। स्थानीय स्तर पर भी रैली को लेकर भारी उत्साह देखा गया। भक्तों ने ‘गौ-माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दो’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं। संतों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जब तक गौ-माता को उचित सम्मान और सुरक्षा नहीं मिलती, यह अहिंसक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक