अनूपपुर: विद्यार्थियों को लक्ष्य,अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहियें- सांसद

 




अनूपपुर, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्याआलय में स्थित संकल्प महाविद्यालय में शनिवार की रात्रि को आयोजित संकल्प महोत्सव 2026 अत्यंत भव्य और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। महाविद्यालय परिसर विद्यार्थियों और स्टाफ के उत्साह, ऊर्जा एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर दिखाई दिया। अभिभावकों एवं अतिथियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

सांसद हिमाद्री सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं प्रेरक उद्बोधन-

इससे पहले सांसद हिमाद्री सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा विद्यार्थियों को लक्ष्य, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की आधारशिला है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनूपपुर हीरा सिंह श्याम ने महाविद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महाविद्यालय का सराहनीय कदम - अनूपपुर अनुविभागीय अधिकारी कमलेश पूरी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु उठाए जा रहे कदमों की सराहना की गई।

महाविद्यालय के संचालक अंकित शुक्ला ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकल्प महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों से युक्त व्यक्तित्व निर्माण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों के कैरियर उन्नयन एवं कौशल विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

छत्तीसगढ़ के गायक सुनील मानिकपुरी एवं बॉलीवुड सिंगर की शानदार प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय लोकगायक सुनील मानिकपुरी ने अपनी मधुर लोकधुनों से पूरे वातावरण को रोमांचित कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे और कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार हुआ। प्रसिद्ध बॉलीवुड सिंगर स्तुति जायसवाल की मधुर एवं ऊर्जावान प्रस्तुति ने वातावरण को सुरमय बना दिया। उनकी गायकी ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।

गुदुम ग्रुप की प्रस्तुति

जिले के ग्राम बीजापुरी गुदुम दल के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति से सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत परिचय दिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। ज्ञात हो कि अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम बीजापुरी नंबर-1 के गुदुम बाजा नृत्य दल ने जून 2022 में विशाखापत्तनम में आयोजित राष्ट्रीय जनजाति नृत्य महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवप्रसाद धुर्वे के नेतृत्व वाले इस आदिवासी पारंपरिक दल ने 14 राज्यों के कलाकारों के बीच धूम मचाई थी।

विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियाँ

महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अनुशासन ने यह सिद्ध कर दिया कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर अनूपपुर मुख्य जिला एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अल्का तिवारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस सी राय, रेडक्रॉस सोसाइटी अनूपपुर के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सोनी, अनूपपुर कोतवाली प्रभारी अरविंद जैन, अनूपपुर यातायात प्रभारी विनोद दुबे, शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की प्राचार्या रेनू सिंह, कॉग्रेस नेता मयंक त्रिपाठी, जय प्रकाश श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजेश चतुर्वेदी, जितेंद्र भट्ट, सत्यनारायण सोनी, विवेक बियानी, डॉक्टर शिवेंद्र द्विवेदी, विभिन्न महाविद्यालयों के संचालक सहित पत्रकार साथी एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा में अभूतपूर्व वृद्धि की। संकल्प महोत्सव 2026 केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का अनूठा संगम बनकर उभरा जो आने वाले वर्षों तक अनूपपुर की स्मृतियों में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला