अनूपपुर: पीएफ जमा करने की मांग पर सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, जैतहरी में नगर की सफाई व्यवस्था चौपट

 




अनूपपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की जैतहरी नगर परिषद के 50 से ज़्यादा सफाई कर्मचारी पीएफ फंड में राशि जमा करने की मांग को लेकर शनिवार की दोपहर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे नगर के 15 वार्डों की सफाई और पानी सप्लाई पर असर पड़ा है। नवरात्र से पहले ही मुख्य रास्तों और गलियों में कचरे के ढेर लग गए हैं। घरों और दुकानों के सामने कचरा जमा होने से लोगों को परेशानी का सामनाकरना पड़ रहा है। वहीं परिषद अध्यक्ष 4 महीने की राशि कुछ दिनों में डालने का आश्वासन दिया हैं लेकिन कर्मचारी पूरी राशि जमा करने पर अड़े हुए हैं।

कर्मचारियों की मांग है कि उनके मानदेय से कट रही पीएफ की राशि को नगर परिषद उनके फंड में जमा करे। उनका आरोप है कि पिछले दो साल से पीएफ की राशि काटी जा रही है, पर फंड में जमा नहीं हुआ। कर्मचारियों ने पहले भी आवेदन और मांग पत्र सौंपकर चेतावनी दी थी।

कर्मचारियों का आरोप है कि नगर परिषद में लगभग 20 ऐसे कर्मचारी है जो 20 साल से अपनी सेवाएं नगर परिषद को दे रहे हैं, लेकिन नगर परिषद ने इनमें से मात्र दो को नियमित किया है, शेष आज भी दैनिक वेतन भोगी रूप में सेवाएं दे रहे हैं। फिलहाल सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से नगर परिषद की चिंताएं बढ़ गई है, वहीं जगह जगह कचरे के जमाव से नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ गई है।

जैतहरी नगर परिषद अध्यक्ष उमंग गुप्ता ने बजट न होने की बात कही। उन्होंने एक साल बाद या 4 महीने की राशि कुछ दिनों में डालने का आश्वासन दिया। कर्मचारी पूरी राशि जमा करने पर अड़े हैं और परिषद से करोड़ों की योजनाओं के बजट पर सवाल कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला