राजगढ़ः संघ शिक्षा वर्ग की तैयारियां शुरू, भूमि पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

 


राजगढ़, 13 अप्रैल(हि.स.)। ब्यावरा के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रस्तावित संघ शिक्षा वर्ग के आयोजन को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।विधिवत पूजा-अर्चना व ध्वज स्थापना के साथ ही आगामी प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया। कार्यक्रम में नगर के नागरिकों सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रांत कार्यवाह हेमंत सेठिया, विभाग संघचालक उदयसिंह चैहान, नगर संघचालक राधेश्याम शर्मा सहित वर्ग की संचालन टोली मौजूद रही। सभी ने मिलकर आगामी आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया और व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर चर्चा की।

जानकारी के अनुसार, संघ शिक्षा वर्ग का आयोजन 16 मई से 2 जून तक ब्यावरा में किया जाएगा। इस अवधि में प्रांतभर से 15 से 40 वर्ष आयु के लगभग 300 स्वयंसेवक प्रशिक्षण प्राप्त करने आएंगे। वर्ग के दौरान प्रतिभागियों को संघ की रीति- नीति, शारीरिक प्रशिक्षण, बौद्धिक सत्र, समूह चर्चा और अनुशासन आधारित गतिविधियों के माध्यम से वैचारिक व शारीरिक रूप से दक्ष बनाया जाएगा। प्रशिक्षण अनुभवी संचालकों की निगरानी में कराया जाएगा, ताकि स्वयंसेवक संगठनात्मक ढांचे और कार्यप्रणाली को गहराई से समझ सकें। भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमंत सेठिया ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं में संगठन, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ग में प्रांतभर से चयनित कार्यकर्ता शामिल होंगे,जिससे संगठनात्मक कार्य और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ सकेगा। वर्ग के अंतिम दिन “वर्ग दर्शन” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों नागरिक उपस्थित होकर स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण व गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकेंगे। फिलहाल संचालन टोली द्वारा आवास, भोजन, सुरक्षा, प्रशिक्षण सामग्री और मंच निर्माण सहित सभी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक